जगदलपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह ने गुरुवार को नगरीय प्रशासन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक में आयुक्त ने सभी नगरीय निकायों में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं वैज्ञानिक निपटान की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहरी वातावरण बनाए रखने के लिए स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी की जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने ऐसे हितग्राहियों की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए, जिन्होंने अब तक आवास निर्माण शुरू नहीं किया है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
पर्यावरण संरक्षण के तहत प्रत्येक नगरीय निकाय में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने, प्रत्येक घर तक कम से कम दो पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराने तथा उनके संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगरीय निकायों के विद्यालयों में डिजिटल माध्यम से अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था विकसित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन विकसित करने पर भी बल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित