जगदलपुर , अप्रैल 26 -- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को बस्तर जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की गई।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। निगरानी हेतु गठित पांच विशेष उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। प्रत्येक केंद्र पर महिला एवं पुरुष सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी तथा हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से परीक्षार्थियों की जांच की गई।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे तक केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए थे, जिससे फ्रिस्किंग और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 12,136 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,662 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4,474 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराया गया। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े एवं चप्पल पहनकर आने की अनुमति दी गई, जबकि गहरे रंग के वस्त्रों पर प्रतिबंध लगाया गया था।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट, टोपी एवं आभूषण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहा। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान में पहुंचे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के बाद प्रवेश दिया गया।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित