जगदलपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर में हाल में आई बाढ़ से हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास व्यवस्था, महंगाई और जमीन आवंटन विवाद को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए प्रभावित परिवारों को पर्याप्त सहायता राशि देने तथा किसानों के कर्ज माफ करने की मांग की है।
श्री बैज ने शुक्रवार को सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बस्तर में लंबे समय बाद आई भीषण बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जगदलपुर सहित कई इलाकों में घरों, फसलों और घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि राहत शिविरों में भोजन, पानी और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही तथा कई स्थानों पर शिविर समय से पहले बंद कर दिए गए। श्री बैज ने हाल में जगदलपुर के बाढ़ प्रभावित प्रवीर और विजय वार्ड का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात भी की थी।
उन्होंने मुख्यमंत्री के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रभावितों को अपेक्षित राहत नहीं मिली। बाढ़ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए कम से कम पांच लाख रुपये और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जानी चाहिए। घरेलू सामान और पशुधन के नुकसान का वास्तविक बाजार मूल्य के आधार पर आकलन कर मुआवजा दिया जाए।
श्री बैज ने बाढ़ में स्कूली बच्चों के बहे या खराब हुए बस्ते, किताबें और अंकसूचियां दोबारा नि:शुल्क उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर लगाने की भी मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ के कारण धान की फसल को व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान उत्पादन के आधार पर करीब 65 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि देने और बाढ़ प्रभावित किसानों के बैंक तथा सहकारी कर्ज माफ करने की मांग की।
उन्होंने ओडिशा स्थित बांध से पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर भी दोनों राज्यों के बीच समन्वय पर सवाल उठाए। बैज ने कहा कि बस्तर की जीवनरेखा इंद्रावती नदी के जल बंटवारे के मुद्दे का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए। इसके साथ ही देउरगांव और मटनार बैराज परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की मांग की।
श्री बैज ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली और महंगाई का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि कई महीनों से पीडीएस दुकानों में चना और गुड़ का वितरण प्रभावित है तथा शक्कर की उपलब्धता भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने रसोई गैस की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने 'बस्तर पंडुम' के आयोजन में खर्च को लेकर अनियमितता के आरोप लगाए और इसकी जांच की मांग की। कांग्रेस ने इससे पहले भी आयोजन के विभिन्न मदों में किए गए खर्च को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित