जगदलपुर , नवंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बस्तर फाइटर्स भर्ती के तहत जिलावार पदों के आवंटन को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष है। युवाओं ने पदों के असमान वितरण का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से इसकी समीक्षा कर सभी जिलों के अभ्यर्थियों को समान अवसर देने की मांग की है।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि विभिन्न जिलों में रिक्त पदों का आवंटन संतुलित नहीं होने से कई जिलों के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित हो गए हैं। बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थियों ने निर्धारित पदों की संख्या पर सवाल उठाए हैं।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी भुवनेश्वर वट्टी ने बताया कि बस्तर जिले के लिए केवल 79 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि कुछ अन्य जिलों में इससे अधिक पद आवंटित हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को सीमित रिक्तियों के कारण चयन में कठिनाई हो सकती है।
अभ्यर्थियों ने वर्ष 2021 में हुई बस्तर फाइटर्स भर्ती का हवाला देते हुए दावा किया कि उस समय संभाग के सभी जिलों में पदों का वितरण लगभग समान था। उनका कहना है कि इस बार जिले को इकाई मानकर पद आवंटित किए जाने से कम रिक्तियों वाले जिलों के अभ्यर्थियों की चयन संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित