बीजापुर , जनवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति, मौलिक परंपराओं एवं जीवनशैली को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर पंडुम की जिला स्तरीय प्रतियोगिता बीजापुर के मिनी स्टेडियम में संपन्न हुई।
बस्तर संभाग की स्थानीय कला, लोककला, शिल्प, तीज-त्योहार, खान-पान, बोली-भाषा एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित एवं संरक्षित करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर से चयनित दलों ने भाग लिया।
जिला पीआरओ से मंगलवार को मिली जानकारी के मुताबिक जिला स्तरीय बस्तर पंडुम में कुल 12 विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इनमें जनजातीय नृत्य, नाट्य, लोकगीत, चित्रकला, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, शिल्पकला, जनजातीय व्यंजन, पेय पदार्थ तथा बस्तर की वनौषधियों का प्रदर्शन शामिल रहा।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर संबित मिश्रा और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। मिश्रा ने प्रतिभागियों की सराहना की और विजेता दलों को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित