दंतेवाड़ा , जनवरी 13 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के डंकनी सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में आगामी बस्तर पंडुम एवं गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर दोनों आयोजनों को जिले की संस्कृति, गौरव और जनभागीदारी से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए सभी विभागों को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ध्रुव ने बताया कि बस्तर पंडुम का शुभारंभ 16 एवं 17 जनवरी से ब्लॉक स्तरीय आयोजनों के साथ किया जाएगा। यह उत्सव आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं जीवनशैली को नई पहचान देने वाला महोत्सव है, इसलिए सभी तैयारियाँ मिशन मोड में की जाएँ। बस्तर पंडुम का आयोजन ब्लॉक, जिला एवं संभाग तीन स्तरों पर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में कुल 12 विधाएँ शामिल होंगी, जिनमें पारंपरिक कला, आदिवासी शिल्प, लोकनृत्य, संगीत, जनजातीय व्यंजन, बोली-भाषा, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्य यंत्र एवं जनजातीय जीवनशैली की विशिष्ट झलकियाँ प्रस्तुत की जाएँगी। कलेक्टर ने अधिक से अधिक प्रतिभागियों के पंजीयन एवं सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का आयोजन है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मंच व्यवस्था एवं अन्य विभागीय दायित्वों का निर्वहन आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित किया जाए।

अंत में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित