जगदलपुर , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी में सोमवार को विकास कार्यों को नई गति मिली, जब प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने 1 करोड़ 55 लाख 86 हजार रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

मंत्री कश्यप ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बस्तर के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कों और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा। सड़कों को विकास का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि ये शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रगति के नए द्वार खोलती हैं।

इस दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सिवनी से खालेपारा और सिवनी से आमागुड़ापारा तक सड़कों के निर्माण हेतु क्रमशः 73.30 लाख रुपये और 55.18 लाख रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बड़ेआमाबाल और बड़े अलनार में 5-5 लाख रुपये की लागत से अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

शिक्षा के क्षेत्र में सोनारपाल के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। कुल मिलाकर भूमिपूजन कार्यों की लागत 143.48 लाख रुपये रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित