रायपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर संभाग में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार से प्रभावित लोगों तथा क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के लिए विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के 'बिजली सत्याग्रह' के तहत उपभोक्ताओं से फार्म भरवाने की अवधि अक्टूबर के अंत तक बढ़ाने की घोषणा की।
श्री बैज ने मंगलवार को राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में दावा किया कि बस्तर संभाग के 571 गांव बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं तथा 22 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में आए हैं। उन्होंने आठ लोगों की मौत होने का भी दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में जिस स्तर पर राहत और बचाव कार्य होना चाहिए था, वह नहीं हुआ।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर और सुकमा दौरे को लेकर कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता की घोषणा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के साथ क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों, सड़कों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के पुनर्निर्माण के लिए सरकार विशेष राहत पैकेज घोषित करे।
श्री बैज ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर के विरोध और 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने की योजना लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में उपभोक्ताओं से फार्म भरवा रही है। सांगठनिक कार्यक्रमों के कारण इस अभियान की अवधि पूरे अक्टूबर तक बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि फार्म भरवाने के बाद इन्हें स्थानीय बिजली कार्यालयों में जमा कर पावती ली जाएगी और इसके बाद कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास के घेराव का कार्यक्रम करेगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के हालिया दौरे का उल्लेख करते हुए बैज ने कहा कि उनके प्रवास के दौरान विभिन्न सांगठनिक बैठकें हुईं और पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि भगत के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित