दंतेवाड़ा , मई 10 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की पारंपरिक खाद्य संस्कृति अब स्थानीय सीमाओं से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही है। हाल ही में राजधानी रायपुर में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबलों के दौरान दंतेवाड़ा जिले की प्रगति स्व सहायता समूह से जुड़ी चंदा दीदी की पाक कला ने खिलाड़ियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के अंतर्गत कार्यरत चंदा दीदी ने आईपीएल आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए विशेष पारंपरिक व्यंजन तैयार किए, जिनमें महुआ से बने पौष्टिक लड्डू, कोदो-कुटकी और बाजरे के व्यंजन तथा बस्तर की प्रसिद्ध चापड़ा चटनी शामिल थी।

इन व्यंजनों का स्वाद लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने इसकी जमकर सराहना की। खिलाड़ियों में विराट कोहली, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या सहित अन्य खिलाड़ियों ने बस्तर के पारंपरिक स्वाद की विशिष्टता और गुणवत्ता की प्रशंसा की।

चंदा दीदी इससे पहले भी अपने महुआ लड्डू के कारण चर्चा में रही हैं, जब उनके द्वारा तैयार किए गए व्यंजन का स्वाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लिया था।

पिछले कई वर्षों से बिहान योजना से जुड़कर चंदा दीदी न केवल आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनी हुई हैं। जिला प्रशासन और बिहान टीम के सहयोग से वे विभिन्न राष्ट्रीय आयोजनों में 'बस्तरिया फूड स्टॉल' के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन करती आ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित