जगदलपुर , जुलाई 26 -- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में शामिल होने के अभियान के अंतर्गत जगदलपुर के आड़ावाल में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव के नेतृत्व में बस्तर जिले के तेरह मंडल के एक हजार से अधिक युवाओं ने भाजयुमो की सदस्यता ग्रहण की।

रविवार शाम एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने भाजपा और भाजयुमो के प्रति युवाओं के बढ़ते विश्वास को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम मानती है। भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, सेवा और जनहित के कार्यों से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा रहा है। उन्होंने नवयुवाओं से संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देशविरोधी तत्व आंदोलनों के माध्यम से युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं तथा कुछ लोग नक्सली हिडमा जैसे व्यक्ति का महिमामंडन करने की कोशिश करते हैं, जबकि वह हजारों निर्दोष लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रेरणा स्रोत ऐसे लोग नहीं, बल्कि शहीद गेंद सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद डेबरीधुर, चंद्रशेखर आजाद, स्वामी विवेकानंद और शहीद भगत सिंह जैसे राष्ट्रभक्त महापुरुष हैं, जिनके आदर्शों पर चलकर युवा राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि युवा शक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर प्रदान कर उन्हें समाज और राष्ट्र सेवा के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में हजारों युवाओं का भाजयुमो से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा पर अपना विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने नवसदस्यों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित