जगदलपुर , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तोकापाल विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंगनपुर निवासी 52 वर्षीय सोमारी का पक्के मकान का सपना साकार हुआ है। योजना के अंतर्गत मिली आर्थिक सहायता से निर्मित आवास में अब उनका पांच सदस्यीय परिवार सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहा है।

शनिवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की उपलब्धियों को सामने लाया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगनपुर निवासी सोमारी और उनके पति रिठु राम के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। इससे पहले परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहां बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में सोमारी के नाम 27 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के पक्के आवास की स्वीकृति प्रदान की गई थी। आवास निर्माण के लिए उन्हें तीन किस्तों में कुल एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इसमें पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 55 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 25 हजार रुपये दिए गए। इस राशि से उनके पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ।

आवास योजना के साथ परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन से पेयजल और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शौचालय की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत आवास निर्माण के दौरान 90 दिनों की मजदूरी का भुगतान भी किया गया।

प्रशासन के अनुसार, पक्का मकान बनने से परिवार को बारिश, गर्मी और ठंड से राहत मिली है। साथ ही कच्चे मकान की मरम्मत पर होने वाले खर्च में कमी आई है। इससे परिवार को बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिल रहा है।

लाभार्थी सोमारी ने बताया कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण पक्का मकान बनाना उनके परिवार के लिए कठिन था। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास में रह रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित