रायपुर, मार्च 04 -- छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम को एक बार फिर राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। बुधवार को पार्टी हाईकमान द्वारा लिए गए इस फैसले से पूरे बस्तर संभाग और प्रदेश के आदिवासी समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। नेताम का नाम उन सीटों के लिए तय किया गया है, जिनका कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है।
बस्तर की माटी की सशक्त आवाज के रूप में पहचान बना चुकी फूलो देवी नेताम यदि चुनाव जीत जाती हैं तो,यह लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। वह वर्ष 2020 में पहली बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। एक आदिवासी महिला नेत्री के रूप में उनका पुन: चयन न केवल बस्तर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। गौरतलब है कि नेताम इससे पहले केशकाल विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुकी हैं और उन्होंने छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष का पद भी संभाला है।
विधानसभा में संख्याबल के हिसाब से इस बार मुकाबला कांटे का है, लेकिन पार्टी ने नेताम के अनुभव और आदिवासी समाज में उनकी पकड़ को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संसद में आदिवासियों और छत्तीसगढ़ के हितों की आवाज को और मजबूती से बुलंद करने के लिए उनकी उम्मीदवारी को अहम माना जा रहा है ।
फूलो देवी नेताम के चयन पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और आदिवासी संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि नेताम के रूप में बस्तर क्षेत्र को एक ऐसी दिग्गज नेत्री मिली हैं, जो जमीनी स्तर की समस्याओं को संसद में प्रभावी ढंग से उठा सकती हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि उनके दोबारा चयन से प्रदेश की आदिवासी जनता को सशक्त प्रतिनिधित्व मिलेगा और विकास की नई राह खुलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित