जगदलपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 'बस्तर ओलंपिक 2026-27' के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में दोगुने खिलाड़ियों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है और दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सातों जिलों के खेल अधिकारियों को तैयारियां सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभाव कम होने और भयमुक्त वातावरण बनने के बाद अंदरूनी वनांचल की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर मिला है। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से इन युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में 11 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित होंगी। खिलाड़ियों का पंजीयन एक से 30 अक्टूबर तक किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं एक से 13 नवंबर, जिला स्तरीय मुकाबले 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं सात से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित