जगदलपुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक 2026-27 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और खेल अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के सात जिलों बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में कुल 11 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर तीन चरणों में होगी।
बस्तर ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन एक से 30 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद एक से 13 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। विकासखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ी 16 से 25 नवंबर तक आयोजित जिला स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं सात से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।
कमिश्नर डोमन सिंह ने सुदूर वनांचल और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गांव से युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति बहुल बस्तर अंचल के युवाओं में खेलों की नैसर्गिक प्रतिभा है। उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराकर उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ाना बस्तर ओलंपिक का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजन के पारदर्शी संचालन और प्रभावी निगरानी के लिए विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजन समितियों का गठन करने के साथ नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित