प्रताप गढ़ , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल रविवार कैडर कैंप के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की और उन्हें पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
श्री पाल ने कैडर कैंप को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती जनता के आशीर्वाद से चार बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बन चुकी हैं ,उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य उन्हें पांचवीं बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा स्तर, मंडल स्तर और सेक्टर स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित की जाएं बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाए और गांव-गांव, घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और कार्यों के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संदेश दिया।
वहीं बसपा जिलाध्यक्ष सुशील गौतम ने भी प्रतापगढ़ जिले में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित