लखनऊ , अगस्त 31 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती सोमवार को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगी। बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों को भी बुलाया गया है।
पार्टी प्रदेश मुख्यालय, 12 माल एवेन्यू में सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में मायावती पिछली बैठकों में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करेंगी और संगठन की तैयारियों का फीडबैक लेंगी। बैठक में जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों की स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। सुश्री मायावती पार्टी पदाधिकारियों से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और संभावित उम्मीदवारों को लेकर जानकारी लेंगी।
बसपा नेतृत्व की ओर से चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में सोमवार की बैठक को 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित