पटना , जुलाई 19 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के शिल्पकार एवं प्रमुख संगठनकर्ता प्रो.यशवंतराव (बसंत राव) केलकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया है।

डॉ. कुमार ने कहा कि प्रो. केलकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार, दूरदर्शी चिंतक, विलक्षण संगठनकर्ता और राष्ट्रनिष्ठ शिक्षाविद् थे। उन्होंने सिर्फ एक संगठन का निर्माण नहीं किया, बल्कि ऐसे राष्ट्रभक्त, चरित्रवान और समाजोन्मुख युवाओं की पीढ़ी तैयार किया, जिन्होंने शिक्षा, समाज, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, न्याय, साहित्य और राष्ट्र-निर्माण के विविध क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री केलकर ने स्वामी विवेकानंद के अमर संदेश उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत, को विद्यार्थी जीवन का मंत्र बनाया। उन्होंने विद्यार्थी परिषद को केवल छात्र-संगठन नहीं रहने दिया, बल्कि उसे राष्ट्र चेतना का व्यापक आंदोलन बनाया। उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति में अनुशासन, आत्मीयता, वैचारिक स्पष्टता और सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया। वह मानते थे कि संगठन का वास्तविक बल पदों में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के संस्कार, समर्पण और चरित्र में निहित होता है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी परिषद ने शिक्षा सुधार, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों, पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित