बलौदाबाजार , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने वृद्ध मां की हत्या कर दी और इसके बाद थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरवाय गांव की है, जहां 42 वर्षीय धनेश्वर प्रसाद वर्मा ने कथित रूप से अपनी 65 वर्षीय मां बेबी बाई वर्मा पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के पटिया से अपनी मां के सिर पर गंभीर प्रहार किया। हमले की वजह से महिला को गहरी चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित