बलौदाबाजार , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार शहर में गुरुवार सुबह एक तेल गोदाम में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लवन रोड स्थित एक गोदाम में आग कल देर रात से लगी लेकिन आज सुबह करीब पांच बजे लोगो को जानकारी हुई। गोदाम में खाद्य तेल और किराना सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर से दमकल सेवा की लगभग छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग लगने की खबर से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक दिखाई दे रही थीं। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित