बलौदाबाजार , जून 28 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में चुनावी रंजिश के चलते दो जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कथित तौर पर झूठा दुष्कर्म प्रकरण दर्ज कराकर उन्हें फंसाने और धन उगाही की साजिश का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में एक युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम कटगी निवासी हिस्ट्रीशीटर भागवत थवाईत ने चुनावी रंजिश के चलते जनपद सदस्य संजीव जायसवाल और ग्राम पंचायत कटगी के सरपंच जय सिंह पैकरा को झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने की योजना बनायी थी। इसी कथित साजिश के तहत एक युवती से दोनों जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गयी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में कथित घटना के समय दोनों जनप्रतिनिधियों की घटनास्थल पर मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवती ने स्वीकार किया कि उसने भागवत थवाईत के कहने पर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर दोनों जनप्रतिनिधियों से तीन लाख रुपये की उगाही की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस कथित षड्यंत्र में एक तथाकथित पत्रकार की भूमिका भी सामने आई है। मामले में युवती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित