लखनऊ , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों, जलभराव और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम सात बजे लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में राजस्व, जनता दर्शन, जलभराव, बाढ़, विद्युत आपूर्ति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में लखनऊ के आला अधिकारियों के साथ संबंधित जिलों के फील्ड अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने, जलभराव की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने तथा प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित