बलिया , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले बलिया जिले के जयप्रभा सेतु पर मंगलवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। पुल के पाया नंबर-10 से करीब 50 फीट नीचे सरयू नदी की रेत पर दो-तीन दिन की नवजात बच्ची पड़ी मिली। इतनी ऊंचाई से नीचे गिरने के बावजूद बच्ची की जान बच गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मांझी निवासी विकास डोम मंगलवार सुबह पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नीचे रेत पर बच्ची दिखाई दी और उसके रोने की आवाज सुनाई दी। वह नीचे पहुंचे और तत्काल मांझी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से बच्ची को जीवित अवस्था में बरामद कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मांझी पहुंचाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की उम्र दो से तीन दिन प्रतीत होती है। उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रेत पर गिरने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची को पुल से किसने और किन परिस्थितियों में नीचे फेंका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित