ग्वालियर , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश में 02 सितंबर को बलराम जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी। ग्वालियर के व्यापार मेला मैदान में इस अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान भी किया जाएगा।

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने आज पत्रकार वार्ता में बताया कि ग्वालियर में नंदलाल बाल कल्याण समिति द्वारा वर्ष 2006 से बलराम जयंती का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष सरकार द्वारा कृषक कल्याण वर्ष घोषित किए जाने के मद्देनजर बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में भव्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि दो सितंबर को व्यापार मेला मैदान में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

श्री यादव ने कहा कि बलराम जयंती के आयोजन का उद्देश्य किसानों का सम्मान कर उनका मनोबल बढ़ाना, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार करना तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करना है। इसके अलावा किसानों को कृषि क्षेत्र से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, सामाजिक एवं सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी को कृषि से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के 10 संभागों और 27 जिलों का दौरा कर करीब 3.35 लाख नए किसानों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय कथित ऋण संबंधी मामलों में फंसे किसानों के प्रकरणों का कवच योजना के तहत निराकरण तथा करीब 10 लाख किसानों को प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों का सदस्य बनाकर तीन लाख रुपये तक का शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने सहित अन्य प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह के दौरान कृषि प्रदर्शनी, कृषि संगोष्ठी एवं सेमिनार, भगवान बलराम का पूजन, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा अखिल भारतीय कृषि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें किसान एवं कृषक संगठन, कृषि विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होंगे।

पत्रकार वार्ता में ग्वालियर व्यापार मेला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे, पूर्व विधायक रामवरन सिंह, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलिमा शिंदे, अशोक पटसारिया, नंदलाल बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रूप सिंह, बाबू सिंह गुर्जर और निशिकांत मोघे सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित