मोहाली , अप्रैल 21 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने 912.63 करोड़ रूपए के "मोहाली नेक्स्ट जेनरेशन रोड्स प्रोग्राम" को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे "पंजाब के सार्वजनिक धन की अभूतपूर्व लूट" करार देते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

श्री सिद्धू ने मंगलवार को परियोजना का ठेका गवार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को दिए जाने पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह कंपनी हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में कथित तौर पर घटिया निर्माण और लापरवाही के आरोपों का सामना कर रही है। उन्होंने पूछा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट को "संदिग्ध रिकॉर्ड" वाली बाहरी कंपनी को क्यों सौंपा गया। उन्होंने परवाणू-शिमला राजमार्ग पर कंपनी के काम का हवाला देते हुए कहा कि वहां निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण भूस्खलन और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा राजस्थान में भी कंपनी के कामकाज को लेकर आरोप लगे हैं, जिससे मोहाली में बनने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने परियोजना की लागत को "चौंकाने वाला" बताते हुए कहा कि इस योजना के तहत सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण पर लगभग 11 करोड़ रूपए प्रति किलोमीटर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह विकास नहीं, बल्कि दिनदहाड़े पंजाब के खजाने की लूट है।" उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार स्थानीय ठेकेदारों को नजरअंदाज कर बाहरी कंपनियों को फायदा पहुंचा रही है और इस तरह राज्य के संसाधनों को बाहर भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित