आसनसोल , मई 09 -- बंगाल के नये मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल की सदस्य अग्निमित्रा पॉल की राजनीतिक यात्रा बर्नपुर की गलियों से लेकर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड तक लंबी, संघर्षपूर्ण और चर्चित रही है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाली सुश्री अग्निमित्रा के लिए शनिवार का दिन उनके गृह क्षेत्र बर्नपुर और न्यू टाउन के लोगों के लिए भी गर्व का क्षण बन गया। 'पुपाई' नाम से लोकप्रिय अग्निमित्रा पश्चिम बर्दवान जिले से सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाली भाजपा विधायक रहीं और सुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल में शपथ लेने वाली एकमात्र महिला मंत्री बनीं।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। उनके पिता और प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक रॉय ने कहा, "पार्टी नेतृत्व ने मेरी बेटी पर भरोसा जताया है। यह हमारे परिवार के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है।"ब्रिटेन से उनके बचपन के मित्र और चर्चित शेफ रोमि हरदीप गिल ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "अपनी मित्र अग्निमित्रा पॉल पर गर्व है। लोगों के लिए काम करते हुए आप लगातार नई ऊंचाइयां हासिल करें।"मूल रूप से फैशन डिजाइनर रही सुश्री अग्निमित्रा ने आसनसोल के लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल से आईसीएसई की पढ़ाई की और बाद में बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज से वनस्पति विज्ञान में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया और अपना ब्रांड 'अग्नि' शुरू किया, जिसने उन्हें फैशन जगत में पहचान दिलाई। दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने उन्हें बड़ा अवसर दिया और बाद में वह श्रीदेवी तथा अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की कॉस्ट्यूम डिजाइनर रहीं। उन्होंने 2017 फीफा अंडर-17 विश्व कप के दौरान फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो और उनकी टीम के लिए भी परिधान डिजाइन किए थे।
सुश्री अग्निमित्रा 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं और जल्द ही भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव बनायी गयीं। 2021 में उन्होंने पहली बार आसनसोल दक्षिण सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। हालांकि 2022 के उपचुनाव में वह आसनसोल लोकसभा सीट से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा से हार गयी थीं। बाबुल सुप्रियो के भाजपा छोड़ने के बाद सुश्रीअग्निमित्रा प्रदेश भाजपा का प्रमुख महिला चेहरा बनकर उभरीं। क्षेत्र में कथित कोयला और बालू माफिया के खिलाफ आंदोलन, स्थानीय मुद्दों पर मुखर विरोध और संगठनात्मक सक्रियता ने उन्हें भाजपा के आक्रामक नेताओं की कतार में ला खड़ा किया।
उनकी शादी पार्थ पॉल से हुई है, जिनका परिवार राज्य में दवा कारोबार से जुड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित