नैनीताल , मार्च 17 -- उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कैंची धाम क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि पहाड़ को जोड़ने वाले भवाली-रातीघाट बाईपास का निर्माण आने वाले सीजन से पहले पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव दो दिवसीय दौरे पर आज नैनीताल पहुंचे। उन्होंने भवाली बाईपास के साथ भवाली-रातीघाट बाईपास, प्रसिद्ध कैंची धाम में चल रहे विकास कार्यों तथा नैनीताल मालरोड भू धसाव से जुड़े सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल को निर्देश दिए कि यातायात के लिहाज से भवाली-रातीघाट बाईपास को चालू पर्यटन सीजन से पूर्व तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक स्थाई मोटर पुल का निर्माण नहीं हो जाता है तब तक वैली ब्रिज स्थापित कर यातायात सुचारू किया जाए।
श्री बर्धन ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस लिहाज से रातीघाट बाईपास का महत्व और भी बढ़ जाता है। इससे पहाड़ को जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता और पर्यटकों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
मुख्य अभियंता श्री बृजवाल ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि 18.15 किलोमीटर बाईपास में से आठ किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें यातायात सुचारू है। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग पर पहाड़ कटिंग, कलमठ व सुरक्षा दीवारों का निर्माण एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि भवाली- अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोटर पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
इस दौरान आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय कुमार शुक्ला ,अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, मोनिका समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित