बर्दवान , सितंबर 16 -- पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही दूसरी कक्षा की एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खारी नदी से बरामद किया गया है। यह बच्ची सोमवार सुबह से लापता थी।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कालना के नादानघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरीरंगा इलाके की निवासी यह मासूम सुबह स्थानीय एक निजी ट्यूशन क्लास गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी इलाके का एक नाबालिग लड़का भी उसी ट्यूशन में पढ़ता था। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार का दावा है कि उस नाबालिग लड़के ने उन्हें बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया है। इस सूचना के आधार पर परिजनों ने नादानघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सोमवार दोपहर बाद स्थानीय लोगों ने बच्ची के शव को खारी नदी में तैरते हुए देखा। पुलिस ने शाम को मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित