बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026 ( वार्ता) छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लगाये गये प्रतिबंधों में अब प्रशासन ने आंशिक ढील दी है। करीब 18 दिनों के बाद व्यापारियों को राहत देते हुए चिकन और अंडों की बिक्री की अनुमति दी गई है, हालांकि इसके लिए सख्त शर्तें लागू कीगयी हैं।
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. एसएस तंवर के अनुसार, व्यापारियों को केवल अपने पास मौजूद मौजूदा स्टॉक की ही बिक्री करने की अनुमति है। अगले दो महीनों तक बाहर से नया माल लाकर बेचने परपूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है।
प्रशासन ने एक से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया है, जहां लगातार निगरानी रखी जाएगी। पशु चिकित्सा विभाग की टीम इस क्षेत्र में सक्रिय रहेगी और केंद्र और राज्य की टीमों ने भी हालही में प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है।
व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा स्टॉक केवल आठ से 10 दिनों तक ही चल पाएगा। इसके बाद कारोबारपूरी तरह ठप होने की आशंका है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गयी है।
सर्विलांस जोन में केन्द्र सरकार के पोस्ट ऑपरेशन प्लान के तहत तीन महीने तक निगरानी जारी रहेगी। हर15 दिन में अलग-अलग हिस्सों से नमूने लिए जाएंगे और चार चरणों में पूरे क्षेत्र की जांच पूरी की जाएगी। सभी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित