कोरबा , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में नगर सेना के एक जवान ने बर्खास्तगी से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आने के बाद इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवानों ने नगर सेनानी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मंगलवार को प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर पीड़ित जवान की बहाली और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को नगर सेना जवान संतोष पटेल ने कलेक्टर परिसर में जहर का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था। इस घटना के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए संतोष पटेल को रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज अब भी जारी है।
प्रदर्शन कर रहे नगर सेना के जवानों का आरोप है कि जवान संतोष पटेल को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। जवानों ने जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, उनका तबादला करने तथा पीड़ित जवान को तत्काल बहाल करने की मांग की है।
ऐसा बताया जा रहा है कि जहर सेवन से पहले संतोष पटेल ने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताडित करने का आरोप लगाया गया है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भी जिला सेनानी के खिलाफ महिला नगर सैनिकों द्वारा आंदोलन किया गया था, जिससे विभागीय हालात पहले से ही तनावपूर्ण बने हुए हैं।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है, वहीं नगर सेना के जवान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित