नोएडा , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में शुक्रवार दोपहर एक मेडिकल स्टोर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान में आग लग गयी। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों ने समय रहते एकजुट होकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
अग्निशमन विभाग द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि,सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके के लिए रवाना हुई लेकिन फायर टेंडर के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों की तत्परता के कारण आग को आसपास की दुकानों और मकान तक फैलने से रोक लिया गया।
बरौला गांव में स्थित मेडिकल स्टोर में आज दोपहर अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। माना जा रहा है कि बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के बाद दुकान के अंदर आग भड़की। देखते ही देखते आग ने मेडिकल स्टोर में रखी दवाइयों, फर्नीचर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
मेडिकल स्टोर के ऊपर ही एक परिवार रहता है। ऐसे में आग के तेजी से फैलने की स्थिति में परिवार की जान को भी खतरा हो सकता था। इसके अलावा मेडिकल स्टोर के आसपास कई अन्य दुकानें भी हैं। आग फैलने पर आसपास की दुकानों और ऊपर बने मकान तक इसके पहुंचने की आशंका थी। स्थिति को देखते हुए आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए और आग बुझाने में लग गए।
आग की इस घटना में मेडिकल स्टोर में रखा काफी सामान जलकर खराब हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग से करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन जांच और दुकान में जले सामान का विवरण सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। अधिकारियों की ओर से घटना की परिस्थितियों और हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग समय रहते नियंत्रित नहीं की जाती तो यह आसपास की दुकानों और ऊपर बने मकान तक फैल सकती थी। इससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित