बरेली , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित केंद्रीय कारागार से सोमवार दोपहर एक सजायाफ्ता कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है तथा मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार कैदी की पहचान अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के नेड़ा राजपूत गांव निवासी दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है। दिनेश पॉक्सो अधिनियम से जुड़े एक मामले में दोषसिद्ध होने के बाद उम्रकैद की सजा काट रहा था और पिछले छह वर्षों से बरेली केंद्रीय कारागार में निरुद्ध था।

बताया गया है कि विशेष पर्ची के आधार पर दिनेश को अन्य 12 बंदियों के साथ कार्य के लिए जेल परिसर से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान उसने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य अधिकारी केंद्रीय कारागार पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। कैदी की तलाश में सर्विलांस, स्थानीय खुफिया तंत्र और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद ली जा रही है। साथ ही आसपास के जनपदों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।

केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए जेल वार्डन विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार और मोहित कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय कुमार और यशपाल के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

जेल प्रशासन ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं तथा सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित