बरेली , नवंबर 02 -- बरेली में फरियाद लेकर सीबी गंज थाने पहुंची घायल महिला की एफआईआर दर्ज नहीं करना पुलिस को भारी पड़ गया। गंभीर चोट के बावजूद शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सीबीगंज थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और उप निरीक्षक अश्वनी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली महिला 27 अक्टूबर को सिर में गंभीर चोट लगने के बावजूद शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की। महिला की शिकायत पुलिस कार्यालय पहुंचने पर 29 अक्टूबर को थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

हैरानी की बात यह है कि 28 अक्टूबर को एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस कार्यालय में बैठक कर जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

इसके बावजूद सीबीगंज पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इसे फरियादियों की शिकायतों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित