बरेली , मई 25 -- बरेली में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बैगुल नदी में नहाने गए युवकों के एक समूह में हादसा हो गया। गहरे पानी में जाने से चार युवक डूबने लगे। साथियों ने किसी तरह दो युवकों को बाहर निकाल लिया, जबकि दो की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
गंगा दशहरा होने से सोमवार सुबह से स्नान आदि शुरू हो गया था। ज्यादा गर्मी भी पड़ रही थी तमाम लोग आसपास तालाब और नदियों में स्नान कर अपनी गर्मी दूर कर रहे थे। सोमवार दोपहर फरीदपुर तहसील एक मोहल्ले के 10-11 युवक गर्मी के चलते स्विमिंग पूल जाने की योजना बना रहे थे। कुछ युवकों ने खर्च अधिक होने की बात कहकर मना कर दिया। इसके बाद सभी युवक थाना क्षेत्र ग्राम गुलाब नगर के पास बह रही बैगुल नदी पर नहाने पहुंच गए।
नदी में नहाने के दौरान कुछ युवक गहरे पानी में चले गए, जिससे चार युवक डूबने लगे। साथियों ने तुरंत साहस दिखाते हुए दो युवकों को हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया, लेकिन दो युवक पानी में लापता हो गए। हादसे में मोहल्ला कानून गोयान पट्टी गली निवासी आदित्य ठाकुर (16) पुत्र संतोष ठाकुर तथा ग्राम बढ़राई थाना बिनावर जनपद बदायूं निवासी अभिषेक (24) पुत्र जितेंद्र पाल सिंह की डूबने से मौत हो गई।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। करीब एक घंटे बाद दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित