बरेली , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित डीडीपुरम प्रदर्शनी नगर में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर पूर्वाह्न प्राप्त हुआ। मेल पढ़ते ही अधिकारियों ने तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। पासपोर्ट बनवाने आए आवेदकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि आसपास के इलाके में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को भी बुलाया गया। टीमों ने भवन के कोने-कोने की सघन तलाशी ली और संदिग्ध स्थानों की जांच की। फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद होने की सूचना नहीं है।

अचानक हुई इस कार्रवाई से परिसर में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रामनवमी अवकाश के बावजूद कार्यालय में कार्य चल रहा था, तभी ईमेल के जरिए धमकी मिली। मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय तक पहुंचा दी गई है और जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित