बरेली , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के सुभाषनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित गुप्ता निवासी ग्राम सैजनी, थाना मूसाझाग, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने ग्राम रौंधी जाने वाले मार्ग पर एक बड़े पाकड़ के पेड़ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक अपने फूफा रजनीश गुप्ता निवासी ग्राम मानिकपुर शिकारपुर, जनपद बदायूं से लेकर आया था और दोनों मिलकर स्मैक तस्करी का काम करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित