बरेली , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पक्की दीवार गिरने से मलबे में दबकर चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गैनी इंचारौ झूनानगर में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अंशु (8), पुत्र अजीत, और कृष्का (6), पुत्री राजेश उर्फ नन्हें, नाश्ते के लिए पास की परचून की दुकान से पापड़ लेने गए थे। दुकान से लौटते समय रास्ते में अचानक एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे मलबे में दब गए।
घटना के बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक बलवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित