बरेली , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में मंगलवार देर शाम शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर में जलाभिषेक कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे कांवड़ियों की ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 23 कांवड़ यात्री घायल हो गए। इसी दौरान ट्रॉली से बचने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रहा एक टेम्पो खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार आंवला थाना क्षेत्र के किटोना गांव से करीब 50 कांवड़ यात्रियों का जत्था तीन अगस्त को हरिद्वार से गंगाजल लेने गया था। जत्था सोमवार को गांव लौट आया था। मंगलवार को शिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ यात्री गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे।
मंगलवार देर शाम जलाभिषेक के बाद कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली के पिछले हिस्से में जनरेटर और डीजे रखा हुआ था। आरोप है कि चालक तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था और कई बार ट्रैक्टर के अगले पहिये सड़क से ऊपर उठ रहे थे।
रामनगर-मऊ मार्ग पर रसूलपुर मोड़ के पास अचानक ट्रॉली एक तरफ पलट गई, जिससे उसमें सवार 23 कांवड़ यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान आंवला की ओर से खनगांव श्याम गांव की तरफ जा रहा एक ऑटो-टेम्पो ट्रॉली से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। पुलिस के अनुसार ट्रॉली के पिछले हिस्से से टक्कर लगने के बाद टेम्पो चालक रवि घायल हो गया, जबकि टेम्पो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय और थाना प्रभारी बीनू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर चालक के नशे की हालत में होने और तेज गति से वाहन चलाने की बात सामने आई है। जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटाया गया और टेम्पो को खाई से बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेजा गया है। घायलों में अजय वर्मा, मनीष वर्मा, दिव्यांश, स्वामी, नवल, अनूप, लौंग श्री, वीरेश, नन्हीं, नितिन, सौरभ, सारिका, टिंकू, अखिलेश, राजेश्वरी, ऋषिपाल, छोटी, अनिल, जय प्रकाश, रूपेश, राजकुमार और तुलसी तथा टेम्पो चालक रवि शामिल हैं। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित