बरेली , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात जन्माष्टमी झांकी निकालकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट फैलने से चालक समेत एक बालक की मौत हो गई, एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रामगोपाल शर्मा ने रविवार को बताया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्व टीम से रिपोर्ट तलब की गई है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि कल रात गांव में जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा में शामिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर साउंड सिस्टम लगाया गया था। ट्रॉली पर लगा लोहे का पाइप रास्ते में झूल रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे ट्रॉली में करंट दौड़ गया और तेज धमाका होने से दो लोगों की मौत हो गई। मामले जांच हो रही है।

पूर्व प्रधान त्रिमोहन सिंह ने बताया कि करंट लगने से ट्रॉली में सवार लोग नीचे कूदने लगे। इस दौरान ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र (28), साउंड सिस्टम संचालक बंटी और 10 वर्षीय बालक दीप करंट की चपेट में आ गए। दीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे चालक वीरेंद्र उपचार के लिए बरेली ले जाया गया, जहां उसकी भी कल देर रात में मौत हो गई। बंटी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शोभायात्रा की जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग ने हाईटेंशन लाइन को ऊंचा नहीं कराया। पूर्व प्रधान ने बताया कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसके कारण हादसा हुआ। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित