बरेली , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एंटी करप्शन टीम ने फरीदपुर तहसील क्षेत्र में तैनात एक चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कानूनगो पर जमीन की नाप-तौल कराने के नाम पर किसान से घूस मांगने का आरोप है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव खजुरिया निवासी राजीव ने एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि तहसील फरीदपुर में तैनात चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला जमीन की नाप-तौल कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप टीम का गठन किया और जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार शाम करीब 5:22 बजे टीम ने रेलवे स्टेशन बिलपुर के पूर्व दिशा स्थित फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपी चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को बरेली कार्यालय ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद उसके खिलाफ कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित