बरेली , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के बरेली में प्लॉट पर कब्जे और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज एक ही परिवार की चार महिलाओं ने बुधवार सुबह कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें आग लगाने से रोक लिया। घटना से कलक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने महिलाओं को उनकी शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया और चारों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्लॉट पर कब्जे, मारपीट और पुलिस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
मानपुर चिकटिया निवासी गौरव ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी राजवीर ने करीब दो महीने से कब्जा कर रखा है और वहां निर्माण भी कराया जा रहा है। गौरव के मुताबिक, मंगलवार सुबह परिवार की चार महिलाएं निर्माण कार्य रुकवाने के लिए मौके पर पहुंची थीं। आरोप है कि वहां दरोगा राकेश भी मौजूद थे। महिलाओं द्वारा निर्माण का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
गौरव का कहना है कि प्लॉट विवाद को लेकर परिवार कई बार पुलिस अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से भी शिकायत कर चुका है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर परिवार की महिलाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध का यह कदम उठाया।
बुधवार सुबह गौरव की चाची कमलेश, ताई मुन्नी तथा बहन रोशनी और विमलेश परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कलक्ट्रेट गेट पहुंचीं। महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन पर उनकी शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाया। इसी दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगीं।
महिलाओं को पेट्रोल छिड़कते देख कलक्ट्रेट गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए। होमगार्ड संदीप शर्मा ने अन्य कर्मचारियों की मदद से महिलाओं के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन्हें आग लगाने से रोक लिया।
घटना के दौरान इंटेलिजेंस के दरोगा ओमपाल सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को उनकी समस्या के जल्द निस्तारण और लगाए गए आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया। चारों महिलाओं को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित