बरेली , जून 11 -- बरेली जिले में बुधवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण जिले में बड़े पैमाने पर बिजली के खंभे और पेड़ गिर गए, जिससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई और कई स्थानों पर ब्लैकआउट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हुए हैं।

प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले बिजली आपूर्ति बहाल करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जबकि मौसम से हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा।

कैंट थाना क्षेत्र में तेज आंधी के बीच मोहनपुर नकटिया निवासी 25 वर्षीय केरी सिंह पुत्र रामपाल अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी के मकान की छत पर लगा सोलर पैनल तेज हवा के कारण उड़कर उन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल केरी सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इसी घटना में पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय सविता पुत्री मैकूलाल भी घायल हो गईं। बताया गया कि उन पर भी सोलर पैनल का हिस्सा गिरने से उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

कैंट क्षेत्र स्थित संत मनी आश्रम परिसर में एक पुराना पीपल का पेड़ तेज हवाओं के कारण गिर गया। घटना के समय आश्रम परिसर में मौजूद चार लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों में मोहनपुर निवासी 26 वर्षीय हरीश पुत्र रामावतार कश्यप के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि 30 वर्षीय रवि पुत्र मुरारी लाल कश्यप के सिर और कमर में चोटें आई हैं। 75 वर्षीय पप्पू उर्फ मोंटी पुत्र सियाराम वर्मा के सिर में गंभीर चोट लगी है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज आंधी और बारिश के चलते जिले में 250 से अधिक बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से लगभग 100 खंभे शहरी क्षेत्र में गिरने की सूचना है। हाईटेंशन और लो-टेंशन बिजली लाइनें भी कई स्थानों पर टूट गईं, जिससे व्यापक स्तर पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार रात से ही ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी रही। दस से अधिक बिजली उपकेंद्र पूरी तरह बंद हो गए, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

विद्युत विभाग की टीमें गुरुवार देर शाम तक क्षतिग्रस्त लाइनों और खंभों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तलब कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति सामान्य की जाए तथा उसके बाद मौसम से हुए नुकसान का आकलन किया जाए।

जिलाधिकारी और विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता के साथ हालात सामान्य करने में लगा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित