बरेली , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा तथा कई घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार प्रियदर्शिनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय तथा उसके अधीन संचालित बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और नगीना के पासपोर्ट सेवा केंद्रों के आधिकारिक ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी की सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने कार्यालय भवन की छत, सभी कमरों तथा आसपास के परिसर की गहन तलाशी ली। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
धमकी के चलते एहतियातन पूरे दिन पासपोर्ट कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधीन डाकघरों में संचालित आठों पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को इसी प्रकार के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। यह तीसरी बार है जब कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए उसके स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान होने पर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित