फर्रुखाबाद , अप्रैल 12 -- रेल मंत्रालय ने बरेली-नई दिल्ली-बरेली के बीच संचालित 14315/14316 इंटरसिटी एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार कर इसे शीघ्र ही पूर्वोत्तर रेलवे के कासगंज जंक्शन तक चलाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने रविवार को बताया कि ट्रेन के कासगंज तक विस्तार से एटा, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बरेली होते हुए रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार और नई दिल्ली तक बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मार्ग से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के कृषि और वन उत्पादों की बड़े बाजारों तक पहुंच आसान होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है। छात्रों को शिक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी तथा सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को गति मिलेगी।

संजीव शर्मा ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को बदायूं स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा विशेष ट्रेन 05303 को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। यह विशेष ट्रेन दोपहर 12:00 बजे बदायूं से रवाना होकर बरेली जंक्शन, भिटौरा, नगरिया सादात, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, पिलखुवा, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार, तिलक ब्रिज और शिवाजी ब्रिज होते हुए रात 8:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

विशेष ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी के 2 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच, आरक्षित द्वितीय श्रेणी कुर्सियान के 7 कोच तथा वातानुकूलित कुर्सियान का 1 कोच शामिल होगा। उद्घाटन के बाद यही विशेष गाड़ी नियमित रूप से मार्ग विस्तारित 14315/14316 इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूप में कासगंज जंक्शन से संचालित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित