वाराणसी , अगस्त 15 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। परेड में रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल तथा भारत स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति की आधारशिला है तथा बरेका राष्ट्र निर्माण में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में बरेका को 460 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य मिला है, जिनमें 166 अमृत भारत लोकोमोटिव शामिल हैं। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 190 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है। जुलाई 2026 में 65 विद्युत लोकोमोटिव का निर्माण कर बरेका ने अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया।

वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ, जबकि 558 विद्युत लोकोमोटिव के निर्माण के साथ 5,844 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है।

उन्होंने कहा कि बरेका में 'कवच' सुरक्षा प्रणाली सहित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस लोकोमोटिव का निर्माण किया जा रहा है तथा 'अमृत भारत पुश-पुल' लोकोमोटिव परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। अब तक बरेका 11 देशों को 180 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात कर चुका है और मोजाम्बिक, दक्षिण अफ्रीका तथा बांग्लादेश के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

महाप्रबंधक ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत बरेका परिसर में 3,874 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र संचालित हैं, जिनसे लगभग 19 प्रतिशत विद्युत आवश्यकता पूरी हो रही है। इस वर्ष 5,000 पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कौशल विकास, खेल, राजभाषा एवं सामाजिक गतिविधियों में बरेका की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित