वाराणसी , अक्टूबर 11 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कार्यरत एथलीट अजय कुमार बिंद ने 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीतकर बरेका और भारतीय रेल का गौरव बढ़ाया है।

नयी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आठ से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अजय कुमार बिंद ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ 14 मिनट 03.86 सेकंड में पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। बरेका में टेक्नीशियन (फिटर) के पद पर कार्यरत अजय की इस उपलब्धि को उनके निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता से बरेका परिवार में हर्ष का माहौल है।

उनकी इस उपलब्धि को बरेका के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की गई है। उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों और रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित