पटना , मई 26 -- बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए औद्योगिक क्षेत्र बरियारपुर में 62.27 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक पीईबी फैब्रिकेशन मटेरियल निर्माण इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना को मंजूरी बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) की परियोजना स्वीकृति समिति (पीसीसी) की बैठक में दी गई। इस परियोजना से लगभग 400 युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।यह इकाई एक्सपेरिया प्रीफैक्सो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की जाएगी, जिसके लिए बरियारपुर औद्योगिक क्षेत्र में पांच एकड़ भूमि आवंटित की गई है।बैठक में राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में स्वीकृत हो रही नई औद्योगिक परियोजनाएँ बिहार के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं कौशल आधारित अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करते हुए राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बियाडा के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत निवेशकों को औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, सुदृढ़ अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम प्रक्रियाएँ एवं नीतिगत सहयोग के माध्यम से निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे परियोजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित