प्रयागराज , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की मेजा तहसील क्षेत्र की बरहा कला ग्राम पंचायत में बाढ़ का पानी घटने से सोमवार को ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हाल में आई बाढ़ से करीब पांच हजार बीघे से अधिक धान की फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो गई थी, जिससे किसान चिंतित थे।
ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि राजेश्वर यादव ने सोमवार तड़के करीब छह बजे 20 से 30 किसानों के साथ बाढ़ प्रभावित खेतों और बस्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान जलस्तर में कमी मिली। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 हजार की आबादी वाली बरहा कला ग्राम पंचायत बाढ़ से प्रभावित हुई थी। कई घरों में पानी घुसने के कारण ग्रामीणों को घर छोड़कर अन्य स्थानों पर जाना पड़ा था। फसल बर्बाद होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई थी।
प्रधान प्रतिनिधि राजेश्वर यादव ने बताया कि नाले की सफाई और बांध खोले जाने के बाद जलस्तर कम होने लगा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है। हालांकि, फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता अभी भी बनी हुई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित