मथुरा , सितंबर 20 -- त्तर प्रदेश में ब्रज की पवित्र भूमि को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से ब्रज वैभव अभियान के अंतर्गत रविवार को बरसाना में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में करीब 150 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में अभियान की शुरुआत कीर्ति मंदिर से हुई। स्वयंसेवकों ने कीर्ति मंदिर से बस स्टैंड तक मार्ग में स्वच्छता अभियान चलाया और स्थानीय नागरिकों तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान "हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" के संदेश के साथ लोगों से ब्रज की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
अभियान में मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, इगलास सहित आसपास के विभिन्न हार्टफुलनेस केंद्रों से आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। अलग-अलग क्षेत्रों से स्वयंसेवकों की सहभागिता ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया।
स्वच्छता अभियान के बाद सभी स्वयंसेवक हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र, संकेत वन पहुंचे, जहां सामूहिक ध्यान किया गया। स्वच्छता, सेवा और ध्यान के इस समन्वय ने कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार के साथ आध्यात्मिक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस के जोनल समन्वयक रमेश वर्मा, सीसी भाई सुरेंद्र शर्मा, यतेंद्र, महेश, सुभाष, ऋषि तोमर, जितेंद्र सिंह, संदीप खन्ना, प्रीतम सिंह, सतीश पालीवाल सहित अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित