मथुरा , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरसाना क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माणाधीन दो बहुमंजिला इमारतों को सील कर दिया।
प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहला मामला बरसाना स्थित राधा बाग रोपवे रोड का है। यहां अमित द्वारा करीब 700 वर्गमीटर के भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के भूतल, प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल का निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर चिनाई का कार्य चल रहा था। प्राधिकरण की टीम द्वारा निर्माण से संबंधित स्वीकृत दस्तावेज मांगे जाने पर कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया।
दूसरा मामला कामा रोड पर मोहिनी निकुंज के पास नहर की पटरी का है। यहां संजू द्वारा करीब 400 वर्गमीटर भूमि पर बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल का निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर प्लास्टर का काम चल रहा था और निर्माण की स्वीकृति से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार दोनों मामलों में संबंधित भू-स्वामियों को पूर्व में ऑनलाइन नोटिस जारी किए गए थे। इनकी याद संख्या क्रमशः 0000957 और 0000956 थी। इसके बावजूद न तो स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत किया गया और न ही निर्माण कार्य बंद किया गया।
निर्देशों की लगातार अवहेलना किए जाने पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 28-क(1) के प्रावधानों के तहत 19 अगस्त को दोनों निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माण तथा बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित