चंडीगढ़ , जून 23 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि बरसात के दौरान सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों से जुड़ी सभी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय औपचारिकताएं पूरी कर ली जायें, ताकि मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किए जा सकें।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में श्री गंगवा ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रदेश के सभी 22 जिलों में विकसित की जाने वाली मॉडल रोड परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में करीब 115 किलोमीटर लंबी मॉडल सड़कें विकसित की जाएंगी, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं, सौंदर्यकरण और सड़क सुरक्षा के मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि चयनित आठ सड़कों का सर्वेक्षण जुलाई तक पूरा हो जाएगा तथा परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। वर्ष 2026-27 के कार्य कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित 1,633 सड़कों में से 1,042 सड़कों के एस्टीमेट तैयार कर भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
मंत्री ने निर्देश दिये कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाये। उन्होंने 'म्हारी सड़क' ऐप की समीक्षा करते हुए सभी सड़कों का विवरण ऐप में शामिल करने और शिकायत निवारण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिये।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग सड़कों पर क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था भी विकसित कर रहा है, जिससे नागरिक सड़क से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। श्री गंगवा ने सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित